प्रदेश में कुल 1565 पीएमश्री विद्यालय हैं। समग्र शिक्षा परियोजना कार्यालय ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर स्कूलों में प्रतिदिन दो अखबार उपलब्ध कराने को कहा है।
अखबार पढ़ने से बढ़ेगा सामान्य ज्ञान
समाचार पत्र पढ़ने से बच्चों को देश-दुनिया में होने वाली घटनाओं की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही उनकी भाषा, शब्दावली और पठन क्षमता में सुधार होने की उम्मीद है। बच्चे नए शब्द सीखने के साथ अपने विचारों को बेहतर तरीके से व्यक्त करना भी सीख सकेंगे।
स्कूलों की लाइब्रेरी में बच्चों की उम्र और कक्षा के अनुसार बालोपयोगी एवं मनोरंजक पत्रिकाएं भी रखी जाएंगी। इससे विद्यार्थियों में सवाल पूछने, विषयों को समझने और स्वतंत्र रूप से सोचने की क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी।
अखबार और लाइब्रेरी के लिए बजट
सरकार ने प्रत्येक पीएमश्री विद्यालय को अखबार की व्यवस्था के लिए 10 महीने तक हर महीने 500 रुपये, यानी कुल 5 हजार रुपये देने का प्रावधान किया है। वहीं पुस्तकालय को बेहतर बनाने के लिए प्रति विद्यालय 20 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
अखबार और पुस्तकालय से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए कुल 3.91 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से स्कूलों में जरूरी फर्नीचर और अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। सरकार की इस पहल से विद्यालयों में बच्चों के बीच पढ़ने की आदत और रीडिंग कल्चर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment