बिहार के स्कूली बच्चों की हुई मौज! 2027 में मिलेंगी 69 दिन की छुट्टियां

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शिक्षा विभाग ने साल 2027 के लिए स्कूलों की नई छुट्टी तालिका जारी कर दी है। इसके मुताबिक, अगले साल विद्यार्थियों को कुल 69 दिनों की छुट्टियां मिलेंगी। हालांकि, इनमें 9 रविवार शामिल हैं, जिसके चलते प्रभावी छुट्टियों की संख्या 60 दिन रहेगी। इस सूची में गर्मी की छुट्टियों से लेकर दीपावली, छठ पूजा और सर्दियों की छुट्टियां तक शामिल हैं।

जून में लगातार 20 दिनों तक बंद रहेंगे स्कूल

नई अवकाश तालिका के अनुसार, विद्यार्थियों को सबसे लंबी छुट्टी गर्मियों में मिलेगी। 2 जून से 21 जून 2027 तक सभी संबंधित सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। यानी बच्चों को लगातार 20 दिनों तक स्कूल जाने से राहत मिलेगी। इस दौरान कबीर जयंती और मुहर्रम का अवकाश भी शामिल रहेगा।

दीपावली से छठ तक मिलेगी 8 दिन की छुट्टी

बिहार के विद्यार्थियों को त्योहारों के दौरान भी लंबा अवकाश मिलने वाला है। दीपावली से लेकर छठ पूजा तक 29 अक्टूबर से 5 नवंबर तक स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, दिसंबर में 25 से 31 तारीख तक सात दिनों का शीतकालीन अवकाश निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मार्च में होली के अवसर पर 23 और 24 मार्च को छुट्टी रहेगी। अगस्त में 15 से 17 अगस्त तक लगातार तीन दिन स्कूल बंद रहेंगे। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस, अंतिम श्रावणी सोमवार और रक्षाबंधन शामिल हैं।

छुट्टियों में भी करना होगा पढ़ाई का काम

शिक्षा विभाग ने लंबी छुट्टियों के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई को भी ध्यान में रखा है। दीपावली से छठ पूजा और शीतकालीन अवकाश के दौरान बच्चों को सभी विषयों का गृहकार्य और प्रोजेक्ट दिया जाएगा। स्कूल दोबारा खुलने पर शिक्षक इन कार्यों की जांच और मूल्यांकन करेंगे।

किन स्कूलों पर लागू होगी छुट्टी की सूची?

यह अवकाश कैलेंडर राज्य के राजकीय, राजकीयकृत, परियोजना और उत्क्रमित प्रारंभिक विद्यालयों के साथ माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्कूलों पर भी लागू होगा। संस्कृत विद्यालय, उर्दू विद्यालय और मदरसे भी इसके दायरे में आएंगे।

सामान्य स्कूलों में रविवार को साप्ताहिक छुट्टी रहेगी, जबकि उर्दू विद्यालयों में शुक्रवार को अवकाश होगा। हालांकि, गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गांधी जयंती जैसे राष्ट्रीय अवसरों पर स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य रहेगा। कुल मिलाकर 2027 का छुट्टी कैलेंडर बिहार के स्कूली बच्चों के लिए राहत भरा रहने वाला है।

0 comments:

Post a Comment