योगी सरकार का बड़ा धमाका! यूपी में बनेंगे 5 नए लिंक एक्सप्रेसवे, 17 हजार करोड़ होंगे खर्च

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने की तैयारी हो रही है। प्रदेश के अलग-अलग एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ने के लिए पांच नए लिंक एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं के लिए निर्माण कंपनियों का चयन भी पूरा हो चुका है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के मुताबिक, इन पांच परियोजनाओं पर करीब 17,104 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कुल 337.5 किलोमीटर लंबे इन एक्सप्रेसवे को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इन पांच रूटों पर बनेंगे नए लिंक एक्सप्रेसवे

सरकार की योजना के तहत पहला 51 किलोमीटर लंबा लिंक लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। दूसरा 91 किलोमीटर का कॉरिडोर फर्रुखाबाद के रास्ते गंगा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा। इसके अलावा 106 किलोमीटर लंबा लिंक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को झांसी से कनेक्ट करेगा। वहीं, 15 किलोमीटर का एक अन्य लिंक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से चित्रकूट धाम तक बनाया जाएगा। पांचवीं परियोजना के तहत 74.5 किलोमीटर लंबा लिंक गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।

आठ पैकेज में पूरा होगा निर्माण कार्य

इन सभी परियोजनाओं का काम आठ अलग-अलग पैकेज में बांटा गया है। UPEIDA ने कंपनियों की तकनीकी योग्यता और आर्थिक क्षमता का आकलन करने के बाद निर्माण एजेंसियों का चयन किया है। अब परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी चल रही है। आने वाले समय में ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

जेवर एयरपोर्ट और बुंदेलखंड को फायदा

नए लिंक एक्सप्रेसवे बनने से वाहन चालकों को एक एक्सप्रेसवे से दूसरे तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। खासतौर पर गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे के जुड़ने से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो सकता है।

वहीं, बुंदेलखंड को झांसी और चित्रकूट से बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे पर्यटन, व्यापार और माल ढुलाई को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर इन पांच परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तर प्रदेश का एक्सप्रेसवे नेटवर्क पहले से ज्यादा मजबूत होगा और कई जिलों के लोगों का सफर आसान हो जाएगा।

0 comments:

Post a Comment