बिहार में नए एयरपोर्ट के लिए होगा जमीन का सर्वे, जानें पूरी डिटेल

न्यूज डेस्क। बिहार के भागलपुर जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। सुलतानगंज में प्रस्तावित अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। एयरपोर्ट निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया से पहले अब सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (SIA) कराया जाएगा। इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस प्रक्रिया के तहत सुलतानगंज अंचल के पांच मौजों की कुल 1425.1148 एकड़ जमीन का सर्वे किया जाएगा।

आपको बता दें की इस सर्वे का उद्देश्य यह पता लगाना है कि एयरपोर्ट के लिए जमीन लेने से कितने परिवार प्रभावित होंगे और किन लोगों को पुनर्वास की जरूरत पड़ सकती है। पूरी मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए 45 दिनों का समय निर्धारित किया गया है।

इन 5 मौजों की जमीन का होगा सर्वे

प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए सुलतानगंज अंचल के पांच मौजों की जमीन चिह्नित की गई है। इनमें सबसे ज्यादा जमीन गनगनियां मौजे में है। जमीन का विवरण इस प्रकार है:

मौजा: प्रस्तावित जमीन

गनगनियां: 690 एकड़

मंझली:  568.1148 एकड़

कसवा:  88 एकड़

हथिऔक:  75 एकड़

सूजापुर:  4 एकड़

45 दिनों में पूरी होगी मूल्यांकन प्रक्रिया

सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन की जिम्मेदारी पटना की संस्था आद्री (ADRI) को दी गई है। संस्था निर्धारित समय के भीतर प्रभावित जमीन और परिवारों का सर्वे करेगी। इस दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत, परामर्श और लोक सुनवाई भी आयोजित की जाएगी। सर्वे में यह जानकारी जुटाई जाएगी कि जमीन अधिग्रहण से किन परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है और कितने परिवारों के पुनर्वास की आवश्यकता पड़ सकती है।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनने से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। सुलतानगंज धार्मिक पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां अजगैबीनाथ धाम और गंगा के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

एयरपोर्ट बनने से भविष्य में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सकती है। साथ ही व्यापार, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। फिलहाल परियोजना के लिए सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू हुई है। यह जमीन अधिग्रहण से पहले का महत्वपूर्ण चरण है। सर्वे पूरा होने के बाद आगे की प्रक्रिया को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होगी।

0 comments:

Post a Comment