बिहार के लिए बड़ी खुशखबरी! रिलायंस लगाएगी ₹2292 करोड़ का प्रोजेक्ट, 2000 लोगों को मिलेगी नौकरी।

पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है। देश की बड़ी कंपनियों में शामिल रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) राज्य में करीब 2,292 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। इस निवेश से एक विशाल ग्रीनफील्ड एकीकृत विनिर्माण परिसर स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना से करीब 2,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। खास बात यह है कि इसका फायदा केवल नौकरी तलाश रहे युवाओं को ही नहीं, बल्कि किसानों, छोटे कारोबारियों और स्थानीय उद्यमियों को भी मिल सकता है।

इस प्रस्तावित परियोजना को लेकर गुरुवार को कंपनी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) पेश की। करीब 100 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस औद्योगिक परिसर में खाद्य प्रसंस्करण और पेय पदार्थों के उत्पादन की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

पांच साल में तैयार होगा मेगा प्रोजेक्ट

रिलायंस का यह विनिर्माण परिसर अगले पांच वर्षों में अलग-अलग चरणों में विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक मशीनों और स्वचालित उत्पादन तकनीक का इस्तेमाल होगा, जिससे बड़े पैमाने पर सामान तैयार किया जा सकेगा। हालांकि, परियोजना के लिए अभी अंतिम जमीन का चयन नहीं हुआ है। इससे पहले कंपनी ने बेगूसराय और बक्सर में कैंपा के बॉटलिंग प्लांट लगाने की संभावना जताई थी।

बिस्कुट से लेकर चिप्स और जूस तक होंगे तैयार

इस परिसर में रोजमर्रा के इस्तेमाल से जुड़े कई उत्पाद बनाए जाएंगे। इनमें बिस्कुट, आलू के चिप्स, आटा, सूजी, चावल, मखाना, राइस ब्रान ऑयल और प्रसंस्कृत चना जैसे खाद्य पदार्थ शामिल होंगे। इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक, जूस, एनर्जी ड्रिंक और पैकेज्ड पानी का भी उत्पादन किया जाएगा। कंपनी के इंडिपेंडेंस, कैंपा, लोटस और अन्य प्रमुख ब्रांडों के उत्पाद भी यहां तैयार किए जा सकते हैं।

इस परियोजना से 500 प्रत्यक्ष और 1500 अप्रत्यक्ष रोजगार

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत रोजगार के नए अवसर हैं। उद्योग विभाग के अनुमान के मुताबिक, परिसर से लगभग 500 लोगों को सीधे नौकरी मिलेगी, जबकि 1,500 लोगों के लिए अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे। यानी कुल मिलाकर करीब 2,000 लोगों को इसका लाभ मिल सकता है।

इसके साथ ही किसानों को कृषि उत्पादों की आपूर्ति का नया बाजार मिलेगा। पैकेजिंग, परिवहन, भंडारण और लॉजिस्टिक्स से जुड़े स्थानीय कारोबारियों को भी काम मिलने की संभावना है। रिलायंस का यह निवेश बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे राज्य में नए उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर उत्पादन की क्षमता मजबूत होगी।

0 comments:

Post a Comment