यूपी में 'बिजली उपभोक्ताओं' के लिए बड़ा अपडेट!

न्यूज डेस्क। बरेली सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बिजली चोरी और बिल बकाया रखने वालों पर अब बिजली विभाग का शिकंजा कसता जा रहा है। विभागीय स्तर पर न सिर्फ जुर्माना लगाया जा रहा है, बल्कि बड़े बकायेदारों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। बिजली व्यवस्था को सुधारने और राजस्व हानि को रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है।

बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई

हाल ही में बरेली के बानखाना क्षेत्र में हुई छापेमारी इसका ताजा उदाहरण है, जहां पांच ई-चार्जिंग स्टेशनों को अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। इस कार्रवाई के तहत आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई और लगभग 1.12 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इन्हीं में से कुछ लोग पहले भी बिजली चोरी करते पकड़े गए थे, लेकिन उन्होंने पहले का जुर्माना तक नहीं चुकाया।

जुर्माना नहीं भरा तो कुर्की की तैयारी

समय पर भुगतान न करने पर जुर्माना और ब्याज मिलाकर यह रकम बढ़कर 1.28 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जिसके बाद विभाग ने राजस्व विभाग के माध्यम से आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर दी है। अब संबंधित आरोपियों की संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है

एक लाख से अधिक बकायेदारों की सूची तैयार

बिजली विभाग अब ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर रहा है, जिन पर एक लाख रुपये से अधिक का बकाया है। इन उपभोक्ताओं के खिलाफ भी आरसी जारी कर वसूली की कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि पारदर्शिता के साथ इस काम को अंजाम दिया जाए।

0 comments:

Post a Comment