यूपी में इस सड़क का होगा चौड़ीकरण, लोगों के लिए खुशखबरी

कानपुर: उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। औद्योगिक शहर कानपुर के दक्षिणी हिस्से की प्रमुख सड़क नौबस्ता–हमीरपुर रोड का चौड़ीकरण जल्द शुरू होने जा रहा है, जिससे लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, 8.15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का काम अप्रैल के अंत तक शुरू किया जाएगा। यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के तहत पूरी की जाएगी। पहले बजट मंजूर होने के बावजूद मेट्रो निर्माण और टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण काम शुरू नहीं हो पाया था, लेकिन अब सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं।

इस सड़क के चौड़ीकरण के तहत करीब 4 किलोमीटर लंबे हिस्से को फोरलेन में बदला जाएगा। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई लगभग 7.5 मीटर है, जिसे बढ़ाकर दोनों ओर 10-10 मीटर किया जाएगा। इससे यातायात का दबाव कम होगा और रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

नौबस्ता चौराहे से गल्लामंडी होते हुए बिनगवां तक का यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त रास्तों में शामिल है। यहां से हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं, खासकर पीक आवर्स में हालात बेहद खराब हो जाते हैं। ऐसे में सड़क चौड़ीकरण का यह कदम लाखों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा।

इस परियोजना का सीधा लाभ करीब पांच लाख से अधिक आबादी को मिलेगा। किदवई नगर, नौबस्ता, बर्रा, रमईपुर, बिधनू, घाटमपुर और पतारा जैसे क्षेत्रों के लोगों के लिए आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हो जाएगा। साथ ही आसपास के गांवों और कस्बों के विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।

जानकारों का मानना है कि सड़क चौड़ीकरण से न सिर्फ ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय बाजारों, उद्योगों और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि देखने को मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment