बिहार में मौसम का कहर: इन जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना

पटना। बिहार में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और उत्तरी बांग्लादेश के आस-पास हवा के चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश का खतरा बढ़ गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने 31 मार्च तक कई जिलों में आंधी और गरज के साथ बारिश की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाओं के चलने की संभावना है।

इन जलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार बिहार के सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, कटिहार, भागलपुर, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में तेज आंधी और बारिश के कारण सतर्क रहने की जरूरत है। इन जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की घटनाओं के साथ आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

बीते 24 घंटे का हाल

राज्य के कई हिस्सों में पिछले दिन बारिश दर्ज की गई। अररिया के रानीगंज में 50.4 मिमी बारिश सबसे ज्यादा रही। मौसम के बदलाव के कारण पटना समेत अन्य जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई।

मौसम का असर

शनिवार को पटना और आसपास के इलाकों में बादलों के साथ हल्की ठंडक महसूस की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि छपरा को छोड़कर अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट जारी रही। बिहार में इस मौसम के प्रभाव के चलते किसानों और आम लोगों दोनों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। मौसम विभाग ने लगातार अपडेट लेने और सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।

0 comments:

Post a Comment