8th Pay Commission: रिटायर कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर

नई दिल्ली। देशभर में 8th Pay Commission को लेकर चर्चाएं तेज हैं। जहां एक ओर केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगी वेतन और पेंशन बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पब्लिक सेक्टर बैंकों (PSB) के रिटायर्ड कर्मचारियों के बीच अपनी बेसिक पेंशन को लेकर चिंता बनी हुई है।

संसद में उठा बड़ा सवाल

सरकारी बैंकों के पेंशनर्स लंबे समय से यह मांग कर रहे हैं कि उनकी बेसिक पेंशन में भी संशोधन किया जाए। इसी मुद्दे को हाल ही में संसद में उठाया गया, जहां सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने सरकार से पूछा कि क्या बैंक पेंशनर्स के लिए भी पेंशन रिवीजन पर विचार किया जा रहा है। इस पर जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सरकार की स्थिति स्पष्ट की।

RBI और NABARD में मिला लाभ

सरकार ने बताया कि कुछ वित्तीय संस्थानों में पेंशन संशोधन किया गया है। उदाहरण के तौर पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पेंशनर्स को बेसिक पेंशन और महंगाई राहत में बढ़ोतरी दी गई है। इसी तरह राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक में भी चरणबद्ध तरीके से पेंशन संशोधित की गई है। हालांकि, इन संस्थानों में भी हाल के समय में सभी श्रेणियों के पेंशनर्स के लिए नई वृद्धि का कोई सार्वभौमिक प्रस्ताव नहीं है।

PSB पेंशनर्स के लिए अलग स्थिति?

पब्लिक सेक्टर बैंकों के रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए स्थिति थोड़ी अलग है। सरकार ने साफ किया है कि भारतीय स्टेट बैंक और अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों में पेंशन एक तय नियमावली के तहत दी जाती है। इन नियमों में बेसिक पेंशन को संशोधित करने का कोई प्रावधान नहीं है। यानी फिलहाल बैंक पेंशनर्स की मूल पेंशन बढ़ाने की दिशा में कोई योजना सरकार के पास नहीं है।

अभी क्या मिल रहा है पेंशनर्स को?

हालांकि बेसिक पेंशन में बदलाव नहीं होता, लेकिन पेंशनर्स को कुछ राहत जरूर मिलती है: हर 6 महीने में महंगाई राहत (Dearness Relief - DR) अपडेट होती है, कुछ पेंशनर्स को एक्स-ग्रेशिया भुगतान भी दिया जा रहा है, इससे महंगाई के असर को आंशिक रूप से कम करने में मदद मिलती है। 

पेंशनर्स की सरकार से क्या है मांग?

बैंक पेंशनर्स का कहना है कि उनकी पेंशन का ढांचा करीब 30 साल पुराना है। जबकि बैंक कर्मचारियों के वेतन में समय-समय पर संशोधन होता रहा है, पेंशन उसी अनुपात में नहीं बढ़ाई गई। उनकी मांग है कि जैसे अन्य सरकारी क्षेत्रों में पेंशन अपडेट होती है, वैसे ही बैंक पेंशनर्स के लिए भी बेसिक पेंशन रिवाइज की जानी चाहिए।

पेंशनर्स की मांग को लेकर आगे क्या उम्मीद?

सरकार के मौजूदा रुख से यह साफ है कि फिलहाल बैंक पेंशनर्स को बेसिक पेंशन में बढ़ोतरी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि 8वें वेतन आयोग की चर्चा के बीच यह मुद्दा आने वाले समय में और जोर पकड़ सकता है।

0 comments:

Post a Comment