यूपी में फिर बदलेगा मौसम, इन 40 जिलों में बारिश के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों की राहत के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बुधवार से कई जिलों में बादल छाने के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से अगले चार-पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

40 से ज्यादा जिलों में बारिश के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे में प्रदेश के करीब 40 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश के संकेत हैं। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 28 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है। लखनऊ समेत आसपास के जिलों में भी बुधवार से हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात भी हो सकता है।

तापमान में आएगी गिरावट

लखनऊ में सोमवार को तेज धूप के कारण दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को भी मौसम काफी हद तक ऐसा ही रहने का अनुमान है। हालांकि, बुधवार से बारिश का असर दिखने पर अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है।

पश्चिमी यूपी में भी असर

बारिश का असर केवल पूर्वी और मध्य यूपी तक सीमित नहीं रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भी मौसम बदलने के आसार हैं। इससे प्रदेश में बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है। अभी पूर्वी यूपी में सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी यूपी में यह कमी 0.4 प्रतिशत है। पूरे प्रदेश में सामान्य से करीब छह प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई है।

कब लौटेगा मानसून?

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 30 सितंबर के बीच मानसून की वापसी हो जाती है। वहीं लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून लौटने की सामान्य तारीख 4 अक्टूबर बताई गई है।

0 comments:

Post a Comment