बिहार में बदलेगा मौसम, 19 जिलों में गरज के साथ बारिश का अलर्ट

पटना। बिहार में मंगलवार, 22 सितंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पटना मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के 19 जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवा का भी खतरा रहेगा।

इन 19 जिलों में बारिश की संभावना

22 सितंबर को बिहार के बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, पटना, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया और भागलपुर में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

पटना में वज्रपात की चेतावनी

राजधानी पटना में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 23 और 24 सितंबर को भी वज्रपात की संभावना जताई गई है। हालांकि, पटना में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।

दक्षिण-पश्चिम बिहार में तेज हवा

दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

23 सितंबर से बढ़ सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 24 सितंबर को बांका, भागलपुर, जमुई, कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। 25 सितंबर को औरंगाबाद, बेगूसराय, पूर्वी चंपारण, गया, मुंगेर, समस्तीपुर, सीवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश हो सकती है। 26 और 27 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।

0 comments:

Post a Comment