बिहार सरकार का 'डबल' तोहफा, इन परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में घर की छत से बिजली पैदा करने की पहल को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगवाने वाले 25 हजार परिवारों को राज्य सरकार की तरफ से आर्थिक सहायता दी जाएगी। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में इन लाभार्थियों को सहायता राशि हस्तांतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री करेंगे सहायता राशि का ट्रांसफर

ऊर्जा ऑडिटोरियम में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लाभार्थियों को राज्य सरकार की वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे। इसी कार्यक्रम में 'मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना' की शुरुआत भी की जाएगी। सौर ऊर्जा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम के दौरान नौ सोलर रथ भी रवाना किए जाएंगे।

केंद्र के साथ राज्य सरकार भी देगी पैसा

रूफटॉप सोलर लगाने वाले पात्र परिवारों को केंद्र सरकार की तरफ से भी सब्सिडी मिलती है। 1 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर केंद्र की सहायता 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये है।

इसके ऊपर बिहार सरकार ने अपनी ओर से अतिरिक्त आर्थिक सहायता का प्रावधान किया है। राज्य सरकार 1.1 किलोवाट क्षमता पर 10 हजार रुपये और 3 किलोवाट तक के संयंत्र पर अधिकतम 20 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी देगी।

3 किलोवाट सोलर पर 98 हजार तक अनुदान

केंद्र और बिहार सरकार दोनों की सहायता को जोड़ें तो 3 किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने वाले पात्र उपभोक्ता को अधिकतम 98 हजार रुपये तक का अनुदान मिल सकता है। इस पहल का मकसद ज्यादा से ज्यादा परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और बिजली के खर्च का बोझ कम करने में मदद करना है।

0 comments:

Post a Comment