बिहार के टीचरों के लिए बड़ी खुशखबरी! ट्रांसफर की नई तारीख जारी

पटना। बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए ट्रांसफर को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। शिक्षा विभाग ने सामान्य स्थानांतरण की प्रक्रिया के लिए संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है। अब शिक्षक 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

बाढ़ के कारण बदली गई तारीख

पहले सामान्य ट्रांसफर के लिए आवेदन की शुरुआत 17 सितंबर से प्रस्तावित थी। लेकिन राज्य में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा की स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत 1 अक्टूबर को संशोधित विद्यालयवार रिक्त पदों की जानकारी जारी की जाएगी। इसके बाद शिक्षक अपनी वरीयता के आधार पर स्कूलों का विकल्प चुनकर ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे।

नवंबर तक चलेगी पूरी प्रक्रिया

आवेदन समाप्त होने के बाद सामान्य स्थानांतरण की सूची जारी करने, आपत्ति दर्ज कराने और अपीलों के निपटारे की प्रक्रिया चलेगी। विभाग के अनुसार यह चरण 12 अक्टूबर से 18 नवंबर के बीच पूरा किया जाएगा।

वित्तरहित शिक्षकों को भी राहत

इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और उनके प्रतिनिधियों से बातचीत कर समस्याओं को समझा जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश देने के साथ एक कमेटी भी गठित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता है और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment