बिहार सरकार का बड़ा कदम! बेटियों के लिए आई खुशखबरी, अब मिलेगी ये खास सुविधा

पटना। बिहार की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार नई पहल करने जा रही है। सरकार बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत बेटियों को नए और उपयोगी बिजनेस आइडिया के आधार पर आर्थिक मदद देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

2 लाख रुपये तक मिल सकता है अनुदान

प्रस्तावित योजना में चयनित स्टार्टअप आइडिया के लिए 50 हजार से 2 लाख रुपये तक की सहायता देने का प्रावधान रखा गया है। भविष्य में इस राशि को बढ़ाने का विकल्प भी प्रस्ताव में शामिल है। योजना को लागू करने से पहले वित्त विभाग की सहमति और फिर राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी ली जाएगी।

18 साल की उम्र से कर सकेंगी आवेदन

प्रस्ताव के मुताबिक आवेदिका का बिहार की स्थायी निवासी होना जरूरी होगा। उसकी उम्र कम से कम 18 वर्ष निर्धारित की गई है। योजना में ऐसे बिजनेस आइडिया को प्राथमिकता देने की बात कही गई है, जो व्यावहारिक होने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकें।

आइडिया का होगा मूल्यांकन

स्टार्टअप शुरू करने की इच्छुक बेटियों को अपना प्रोजेक्ट प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद एक निर्धारित कमेटी इन प्रस्तावों का मूल्यांकन करेगी। चयन में नएपन, नवाचार और वास्तविक जरूरत से जुड़े आइडिया को महत्व दिया जाएगा।

आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा

इस योजना को उच्च शिक्षा विभाग और उद्योग विभाग मिलकर आगे बढ़ाएंगे। प्रस्तावित योजना की खास बात यह है कि यह केवल बेटियों के लिए स्टार्टअप सहायता देने वाली राज्य की पहली पहल होगी। इसका उद्देश्य बेटियों को नौकरी तलाशने के साथ-साथ अपना व्यवसाय शुरू कर रोजगार देने के लिए प्रोत्साहित करना है।

0 comments:

Post a Comment