LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर, 1 से नए नियम होंगे लागू

नई दिल्ली। घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से एक अहम बदलाव होने जा रहा है। सरकार के नोटिफिकेशन के मुताबिक, सब्सिडी वाले घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के लिए Biometric Aadhaar Authentication पूरा होना जरूरी होगा। यानी जिन ग्राहकों का अभी तक आधार का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हुआ है, उन्हें सब्सिडी वाले सिलेंडर की बुकिंग से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

89.9 फीसदी ग्राहक पहले ही करा चुके सत्यापन

सरकार की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार देश में सक्रिय घरेलू LPG कनेक्शनों में से 27.43 करोड़ यानी 89.9 फीसदी उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार सत्यापन पहले ही पूरा हो चुका है। ऐसे ग्राहकों को दोबारा किसी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी और उनकी LPG बुकिंग सामान्य तरीके से जारी रहेगी।

वहीं करीब 2.47 करोड़ उपभोक्ताओं का सत्यापन अभी बाकी है। इन ग्राहकों को सब्सिडी वाले सिलेंडर की बुकिंग से पहले आधार बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

घर बैठे भी कराया जा सकता है सत्यापन

जिन लोगों ने अभी तक आधार सत्यापन नहीं कराया है, उनके लिए कई विकल्प उपलब्ध हैं। LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिए भी आधार सत्यापन कराया जा सकता है। इसके अलावा उपभोक्ता अपने LPG वितरक के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

कंपनियों के ऐप से भी होगा काम

उपभोक्ता अपनी संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे भी आधार सत्यापन कर सकते हैं। Indane ग्राहक IndianOil ONE, Bharatgas ग्राहक HelloBPCL और HP Gas उपभोक्ता HP PAY ऐप के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

इसलिए जिन LPG उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार सत्यापन अभी बाकी है, उनके लिए 1 अक्टूबर से पहले यह प्रक्रिया पूरी कर लेना जरूरी होगा, ताकि सब्सिडी वाले सिलेंडर की बुकिंग में परेशानी न हो।

0 comments:

Post a Comment