केंद्र सरकार ने दी बड़ी सौगात, बिहार के गरीब परिवारों को खुशखबरी

पटना। बिहार के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्र ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब विकसित भारत रोजगार गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जीरामजी के तहत मिलने वाली मजदूरी का इस्तेमाल आवास निर्माण में भी किया जा सकेगा।

90 दिन की मजदूरी का मिलेगा लाभ

नई व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को घर पूरा करने के लिए 90 दिनों तक की मजदूरी वीबी-जीरामजी के तहत मिल सकेगी। बिहार सरकार के अनुसार, वर्तमान प्रावधान में मजदूरी की दर 300 रुपये प्रतिदिन है। इस हिसाब से एक आवास के लिए करीब 27 हजार रुपये मजदूरी मद में उपलब्ध हो सकते हैं।

गरीब परिवारों को घर पूरा करने में मदद

इस फैसले से उन परिवारों को विशेष सहूलियत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें आर्थिक परेशानी के कारण अपना आवास पूरा करने में दिक्कत आती है। योजना के लाभार्थी निर्धारित प्रावधानों के तहत खुद श्रम करके भी मजदूरी मद का लाभ ले सकते हैं।

बिहार सरकार की मांग पर मिली मंजूरी

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार की ओर से केंद्र के समक्ष इस व्यवस्था को लागू करने की मांग रखी गई थी। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की स्वीकृति के बाद अब बिहार में इसे लागू करने का रास्ता साफ हुआ है। सरकार को उम्मीद है कि इससे ग्रामीण गरीब परिवारों के पक्का घर पूरा करने के काम में तेजी आएगी।

0 comments:

Post a Comment