यूपी सरकार ने शुरू की तैयारी, कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ: दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। प्रदेश में बढ़ती कारोबारी गतिविधियों और बाजार में बढ़ी खरीदारी से सरकार की कर आय में भी इजाफा हुआ है। इसी बीच राज्य कर्मचारियों को बोनस और महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ देने की तैयारी की जा रही है।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाजार में गतिविधियां और बढ़ने की उम्मीद है। इससे आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलने की संभावना है। कर्मचारियों को मिलने वाला बोनस और महंगाई भत्ते का लाभ भी त्योहार से पहले खर्च बढ़ाने में मदद कर सकता है।

सितंबर में बढ़ी सरकार की कमाई

सरकार के मुताबिक, सितंबर में कर और करेत्तर राजस्व से 18,570 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई। पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 15,238 करोड़ रुपये था। यानी इस बार सरकार को 3,332 करोड़ रुपये ज्यादा राजस्व मिला है।

सितंबर में जीएसटी से 7,053 करोड़, वैट से 2,628 करोड़, आबकारी से 4,611 करोड़ और स्टांप एवं निबंधन से 3,054 करोड़ रुपये की आय हुई। परिवहन से 1,001 करोड़ और भूतत्व एवं खनिकर्म से 223 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

राजस्व लक्ष्य का 74.4 फीसदी हासिल

वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक सरकार ने 1,60,876.57 करोड़ रुपये के निर्धारित राजस्व लक्ष्य के मुकाबले 1,19,769.53 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह लक्ष्य का करीब 74.4 फीसदी है।

वित्त मंत्री ने कहा कि आने वाले महीनों में कारोबारी गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद है। वहीं, दिवाली से पहले कर्मचारियों को बोनस और महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ मिलने से त्योहार के दौरान बाजार में खर्च बढ़ने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment