यूपी में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश के साथ ओले का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। खासकर पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई है। मौसम के इस बदलाव को पोस्ट-मानसून बारिश के पहले दौर के तौर पर देखा जा रहा है।

राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर तक लखनऊ में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। सप्ताह के अंत तक अलग-अलग इलाकों में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है।

पूर्वी यूपी में बारिश ने दी दस्तक

पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का असर पहले दिखाई देना शुरू हुआ है। गोरखपुर में 14.2 मिमी, जबकि आजमगढ़ में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। आने वाले दिनों में पूर्वी यूपी के अन्य जिलों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। धीरे-धीरे इसका प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है।

बारिश के साथ ओलावृष्टि का भी खतरा

इस बार मौसम का बदलाव सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं रहने वाला है। सप्ताह के अंत तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की स्थिति बन सकती है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और आकाशीय बिजली के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

सप्ताह के अंत तक बना रहेगा मौसम का असर

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, बारिश और बादलों का यह दौर अलग-अलग क्षेत्रों में सप्ताह के अंत तक जारी रह सकता है। हालांकि बारिश की तीव्रता सभी जिलों में एक जैसी नहीं होगी। कुछ जगहों पर हल्की बारिश तो कहीं गरज-चमक के साथ तेज बौछारें देखने को मिल सकती हैं।

0 comments:

Post a Comment