CM सम्राट के 5 बड़े ऐलान, बिहारवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोहतास के जमुहार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में राज्य के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद बिहार में रोजगार, सड़क, हवाई कनेक्टिविटी और सिंचाई की सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि युवाओं और किसानों को बेहतर अवसर मिल सकें।

1. सासाराम-पटना NH पर जल्द शुरू होगा काम

मुख्यमंत्री ने बताया कि सासाराम-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग का काम अगले दो महीने में शुरू होने की उम्मीद है। इससे दोनों शहरों के बीच आवागमन आसान होने के साथ रोहतास और आसपास के इलाकों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती है।

2. इंद्रपुरी जलाशय परियोजना को मिलेगी रफ्तार

करीब 26 साल से लंबित इंद्रपुरी जलाशय परियोजना को लेकर भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण बात कही। उनके मुताबिक इसे साकार करने की दिशा में काम होगा। परियोजना पूरी होने पर सोन नदी के पानी का बड़ा हिस्सा बिहार के इस्तेमाल में आ सकेगा।

3. 44 लाख हेक्टेयर जमीन तक सिंचाई

सरकार का लक्ष्य करीब 44 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ना है। इसका सीधा फायदा खेती और किसानों को मिल सकता है। सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने से कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सहारा मिलने की उम्मीद है।

4. 2030 तक युवाओं को राज्य में रोजगार

मुख्यमंत्री ने रोजगार को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में बताया। उन्होंने कहा कि 2030 तक ऐसा बिहार बनाने का लक्ष्य है, जहां युवाओं को नौकरी या मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत न पड़े। इसके लिए बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

5 .2029 से पहले 10 एयरपोर्ट का लक्ष्य

बिहार में हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 2029 से पहले राज्य में 10 एयरपोर्ट तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। बेहतर एयर कनेक्टिविटी से व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment