बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी, 1 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद

पटना। बिहार में धान की खेती करने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य में 1 नवंबर 2026 से धान की सरकारी खरीद शुरू होने जा रही है। सहकारिता विभाग ने खरीद की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों, पैक्स और व्यापार मंडलों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। धान की खरीद की प्रक्रिया 31 मार्च तक चलाने की तैयारी है।

एमएसपी में 72 रुपये का इजाफा

इस सीजन सामान्य धान की खरीद 2,441 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होगी। पिछले साल सामान्य धान के लिए 2,369 रुपये प्रति क्विंटल की दर थी। यानी किसानों को इस बार प्रति क्विंटल 72 रुपये अधिक मिलेंगे। इसी तरह ए-ग्रेड धान का एमएसपी भी बढ़ाया गया है। इस साल इसकी खरीद 2,461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी, जबकि पिछले वर्ष किसानों को 2,389 रुपये प्रति क्विंटल मिले थे।

बोरे और भंडारण की पहले से तैयारी

सरकार ने धान खरीद के दौरान बोरों की कमी से होने वाली परेशानी को रोकने के लिए पहले से इंतजाम करने को कहा है। सभी पैक्स और व्यापार मंडलों को पर्याप्त मात्रा में जूट के बोरे और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

किसानों से ऑनलाइन पंजीकरण की अपील

सरकारी खरीद का लाभ लेने के लिए किसानों का पंजीकरण जरूरी है। जिन किसानों ने अभी तक कृषि विभाग के पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनसे जल्द ऑनलाइन पंजीकरण पूरा करने की अपील की गई है।

इस सीजन में धान की खरीद लक्ष्य बढ़ाने की मांग

पिछले सीजन में बिहार में 36.85 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया था और करीब 36.79 लाख टन धान की सरकारी खरीद हुई। इस बार केंद्र ने राज्य के लिए 35 लाख टन का लक्ष्य तय किया है। वहीं खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने केंद्र से इसे बढ़ाकर 50 लाख टन करने की मांग की है।

0 comments:

Post a Comment