रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! बेंगलुरु-मुंबई रूट पर दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर

न्यूज डेस्क। बेंगलुरु और मुंबई के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे इस व्यस्त रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी में है। यह ट्रेन केएसआर बेंगलुरु से मुंबई CSMT के बीच चल सकती है। रेलवे बोर्ड की ओर से जल्द इसकी आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।

दोनों शहर देश के प्रमुख आर्थिक केंद्र हैं और इनके बीच लंबे समय से तेज रेल कनेक्टिविटी की मांग रही है। फिलहाल उद्यान एक्सप्रेस को बेंगलुरु से मुंबई पहुंचने में करीब 24 घंटे लगते हैं। नई स्लीपर वंदे भारत शुरू होने के बाद यात्रा का समय 16 घंटे से कम होने की उम्मीद है।

सप्ताह में 6 दिन चलने की संभावना

प्रस्तावित योजना के मुताबिक ट्रेन दोनों दिशाओं में सप्ताह में 6 दिन संचालित हो सकती है। संभावित समय के अनुसार यह रात करीब 10 बजे बेंगलुरु से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:50 बजे मुंबई पहुंच सकती है। वापसी में मुंबई से रात करीब 10:30 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 1:50 बजे बेंगलुरु पहुंचने का प्रस्ताव है। रास्ते में अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, कलबुर्गी, सोलापुर और कल्याण जैसे स्टेशनों पर ठहराव प्रस्तावित है।

160 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार

वंदे भारत स्लीपर को अधिकतम 160 किमी प्रति घंटे की गति के लिए डिजाइन किया गया है। परीक्षण के दौरान इसकी रफ्तार 180 किमी प्रति घंटे तक पहुंचाई गई है। हालांकि, वास्तविक संचालन की गति रेलवे ट्रैक और उपलब्ध बुनियादी ढांचे पर निर्भर करेगी।

इस 16 कोच वाली ट्रेन में 11 एसी 3-टियर, 4 एसी 2-टियर और 1 एसी फर्स्ट क्लास कोच होने की जानकारी है। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को तेज यात्रा के साथ आरामदायक स्लीपर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment