छठ-दीपावली पर यूपी-बिहार के यात्रियों को बड़ी खुशखबरी, चलेंगी 2 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें

न्यूज डेस्क। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत का इंतजाम किया है। त्योहारों में ट्रेनों पर बढ़ने वाली भीड़ और टिकटों की मारामारी को देखते हुए मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बिहार के दो प्रमुख शहरों के लिए दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है। इनमें एक ट्रेन दानापुर के लिए रोजाना और दूसरी समस्तीपुर के लिए साप्ताहिक संचालित होगी।

रेलवे के मुताबिक, इन विशेष सेवाओं से मुंबई से यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। दोनों ट्रेनें उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी, जिससे त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों को फायदा मिल सकता है।

समस्तीपुर के लिए साप्ताहिक ट्रेन

लोकमान्य तिलक टर्मिनस से समस्तीपुर के बीच स्पेशल ट्रेन संख्या 01043 13 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार चलेगी। यह ट्रेन दोपहर 12:15 बजे मुंबई से रवाना होकर अगले दिन रात 11:45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 01044 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक हर गुरुवार सुबह 3 बजे समस्तीपुर से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3:45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में इसके 6-6 फेरे होंगे। ट्रेन में कुल 22 कोच रहेंगे, जिनमें एसी थ्री टियर और एसी टू टियर के डिब्बे शामिल हैं।

दानापुर के लिए रोजाना स्पेशल

लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर के बीच ट्रेन संख्या 01143 9 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक रोज चलेगी। मुंबई से इसका प्रस्थान सुबह 10:30 बजे होगा और अगले दिन रात 9:50 बजे दानापुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 01144 11 अक्टूबर से 23 नवंबर तक रोजाना रात 12:10 बजे दानापुर से चलेगी और अगले दिन सुबह 6:50 बजे मुंबई पहुंचेगी। इस सेवा के दोनों दिशाओं में 44-44 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इसमें स्लीपर, सामान्य और एसी थ्री टियर समेत कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।

इन स्टेशनों पर भी मिलेगा ठहराव

दोनों स्पेशल ट्रेनों का ठहराव ठाणे, कल्याण, नासिक, भुसावल, इटारसी, जबलपुर/कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि त्योहारों की भीड़ को देखते हुए टिकट की बुकिंग समय रहते करा लें, ताकि घर जाने की यात्रा आसान हो सके।

0 comments:

Post a Comment