बिहार सरकार का फैसला, किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, 50% की सब्सिडी

पटना। बिहार में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने किसानों के लिए एक खास योजना शुरू की है। गेंदा फूल उत्पादन एवं प्रसंस्करण योजना के तहत खेती करने वाले किसानों को लागत का 50 फीसदी तक अनुदान दिया जाएगा। इसका लाभ रबी और खरीफ, दोनों मौसम में गेंदे की खेती करने वाले किसानों को मिल सकेगा।

सरकार ने एक हेक्टेयर के लिए 80 हजार रुपये की अनुमानित लागत तय की है। इस पर अधिकतम 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक सब्सिडी मिल सकती है। किसान न्यूनतम 0.1 हेक्टेयर और अधिकतम 2 हेक्टेयर जमीन के लिए इस योजना का लाभ ले सकते हैं।

25 हेक्टेयर का बनेगा क्लस्टर

योजना को क्लस्टर आधारित रखा गया है। एक क्लस्टर में कुल 25 हेक्टेयर जमीन शामिल होगी। इसमें एक से ज्यादा किसानों की जमीन भी जोड़ी जा सकती है। आवेदन की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू हो चुकी है और किसान 31 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

जमीन नहीं है तो भी मिलेगा मौका

इस योजना की एक खास बात यह है कि जिन किसानों के पास खुद की जमीन नहीं है, वे भी इसका लाभ ले सकते हैं। इसके लिए दूसरी जमीन को लीज पर लेकर खेती करनी होगी और वैध लीज एग्रीमेंट जरूरी होगा। जमीन के दस्तावेज में नाम स्पष्ट नहीं होने पर वंशावली जैसे जरूरी कागजात मांगे जा सकते हैं।

फूल ढोने वाले वाहन पर भी अनुदान

गेंदे की उपज को मंडी या बाजार तक पहुंचाने के लिए मालवाहक वाहन खरीदने पर भी सब्सिडी का प्रावधान है। वाहन की अधिकतम पात्र लागत 3.25 लाख रुपये मानी गई है। इस पर 50 फीसदी तक, यानी अधिकतम 1,62,500 रुपये का अनुदान मिल सकता है। इससे खेती के साथ फूलों की ढुलाई और बिक्री की व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment