6 अक्टूबर से दिख सकता है मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 6 अक्टूबर से बिहार के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर कोसी, सीमांचल और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि, इस दौरान तेज या मूसलाधार बारिश की संभावना कम है।
अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। यानी दिन में गर्मी और उमस बनी रह सकती है, जबकि सुबह और शाम के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव महसूस होने लगेगा।
बिहार से लौट रहा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी बिहार में जारी है। फिलहाल मानसून की वापसी वाली रेखा सुपौल के आसपास से गुजर रही है। मानसून के पीछे हटने के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होती जा रही हैं। आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, मानसून की पूरी विदाई होने तक स्थानीय स्तर पर बादल बनने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है।
ट्रफ लाइन का भी असर
मौसम में बदलाव के पीछे ट्रफ लाइन भी एक वजह है। उत्तर-पूर्व बिहार से बंगाल की खाड़ी की ओर बनी ट्रफ के प्रभाव से उत्तर-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, दक्षिण बिहार से विदर्भ तक बनी दूसरी ट्रफ के कारण वातावरण में नमी बनी रहने की संभावना है। मानसून के पूरी तरह विदा होने के बाद सुबह और शाम के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो सकती है। इससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगेगा।

0 comments:
Post a Comment