पेराई सत्र शुरू होने से उन किसानों को राहत मिलेगी, जो लंबे समय से अपनी तैयार फसल की आपूर्ति का इंतजार कर रहे थे। मिल प्रबंधन की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गन्ने का भुगतान कराया जाएगा।
बरेली की तीन चीनी मिलों में शुरू हुई पेराई
जिले में फिलहाल तीन मिलों ने कामकाज शुरू किया है। इनमें मीरगंज स्थित फारएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड, फरीदपुर चीनी मिल और बहेड़ी क्षेत्र की त्रिवटीनाथ चीनी मिल शामिल हैं। इन मिलों को अलग-अलग गन्ना क्रय केंद्रों के माध्यम से गन्ने की आपूर्ति की जाएगी।
मीरगंज चीनी मिल के क्षेत्र में 99 क्रय केंद्र खोले गए हैं। मिल प्रबंधन ने इस सीजन में 1.05 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं फरीदपुर और त्रिवटीनाथ मिलों में भी गन्ने की खरीद की व्यवस्था शुरू हो चुकी है।
किसानों को दी गई खास सलाह
चीनी मिल प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि गन्ने की छोलाई तभी करें, जब उन्हें निर्धारित पर्ची मिल जाए। मिलों में ताजा और साफ-सुथरा गन्ना पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में सुविधा मिलेगी और मिलों में पेराई का काम सुचारु रूप से चल सकेगा।
16 नवंबर से एक और मिल में शुरू होगा काम
बरेली जिले की साधन सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा में 16 नवंबर से पेराई सत्र शुरू करने की तैयारी है। इस मिल को 14 क्रय केंद्रों से 89 लाख क्विंटल गन्ना आवंटित किया गया है। हालांकि, बकाया भुगतान से जुड़ी समस्या के कारण केसर चीनी मिल बहेड़ी और ओसवाल चीनी मिल नवाबगंज को फिलहाल गन्ना आवंटित नहीं किया गया है।

0 comments:
Post a Comment