बंगाल में 23 व 29 अप्रैल को मतदान, 4 मई को रिजल्ट, आचार संहिता लागू

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है। रविवार (15 मार्च) को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनावी कार्यक्रम की जानकारी दी। राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया जाएगा। आयोग के अनुसार इस बार चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे और मतगणना 4 मई को की जाएगी।

दो चरणों में होगी वोटिंग

चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को कराई जाएगी। पहले चरण में 152 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, वहीं दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान होगा। दोनों चरणों के मतदान के बाद 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

राज्य में लागू हुई आचार संहिता

चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही पश्चिम बंगाल में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। आयोग ने बताया कि चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, मतदाता सूची को अंतिम रूप देने और सुरक्षा व्यवस्था के आकलन जैसे अहम काम पूरे कर लिए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए कई इलाकों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जाएगी।

7 मई को खत्म होगा विधानसभा का कार्यकाल

पश्चिम बंगाल विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है। ऐसे में नई सरकार के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया तय समय पर पूरी की जाएगी। राज्य की राजनीति में इस बार भी मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment