महिलाओं के लिए खुशखबरी! यूपी के 5 जिलों में आंगनवाड़ी वर्कर की वैकेंसी

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए रोजगार का एक अच्छा अवसर सामने आया है। राज्य के कई जिलों में आंगनवाड़ी वर्कर के रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस भर्ती के तहत इच्छुक और योग्य महिला उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in के माध्यम से पूरी की जा रही है।

इन जिलों में निकली भर्ती

भर्ती के तहत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पद खाली हैं। इनमें सबसे अधिक पद रामपुर जिले में उपलब्ध हैं, जहां कुल 227 रिक्तियां भरी जाएंगी। इसके अलावा बिजनौर में 41 पद, भदोही में 7 पद, संत कबीर नगर में 5 पद और बांदा जिले में 11 पद पर भर्ती की जाएगी।

रामपुर जिले में अलग-अलग परियोजनाओं के तहत इन पदों का वितरण किया गया है। वहीं अन्य जिलों में भी विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर रिक्तियां निकाली गई हैं।

शैक्षणिक योग्यता

आंगनवाड़ी वर्कर के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना जरूरी है। मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट पास महिला उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त महिलाएं भी आवेदन करने के लिए पात्र हैं।

आयु सीमा

भर्ती में आवेदन करने वाली महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग की उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी।

जिले की निवासी होना जरूरी

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का उसी जिले का निवासी होना जरूरी है, जहां से वह आवेदन कर रही हैं। यानी जिस जिले के आंगनवाड़ी केंद्र में पद खाली है, वहीं की स्थानीय महिला उम्मीदवार ही उस पद के लिए आवेदन कर सकती हैं।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

आवेदन करने के लिए सबसे पहले उम्मीदवार को आंगनवाड़ी भर्ती की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां नया पंजीकरण (New Registration) कर अपनी मूल जानकारी जैसे नाम, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज करना होगा।

रजिस्ट्रेशन के बाद यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से पोर्टल पर लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरना होगा। इसके साथ ही जरूरी दस्तावेज जैसे पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक प्रमाण अपलोड करने होंगे।

0 comments:

Post a Comment