यूपी में बिजली उपभोक्ताओं के लिए सख्त फरमान, आदेश जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग ने बकाया बिल और प्रीपेड मीटर के नेगेटिव बैलेंस को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। बिजली विभाग ने साफ कर दिया है कि जिन उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर का बैलेंस माइनस में चल रहा है, उनकी बिजली सप्लाई किसी भी समय बंद की जा सकती है। यह कार्रवाई कार्यालय दिवसों में विशेष अभियान चलाकर की जाएगी।

बिजली विभाग का कहना है कि कई उपभोक्ता बिजली का उपयोग तो कर रहे हैं, लेकिन मीटर का समय पर रिचार्ज नहीं करा रहे हैं। इससे राजस्व पर असर पड़ रहा है और बिजली व्यवस्था को बनाए रखना मुश्किल हो रहा है। दरअसल राजधानी लखनऊ में अब तक करीब दो लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। हालांकि विभाग के अनुसार, बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता सामने आए हैं जिनके मीटर का बैलेंस लगातार माइनस में जा रहा है। यानी वे जितनी बिजली खर्च कर रहे हैं, उतना रिचार्ज नहीं कर रहे। इसी कारण अब विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने का फैसला किया है।

पहले दी जा चुकी है कई बार चेतावनी

बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक उपभोक्ताओं को पहले ही कई बार चेतावनी दी जा चुकी है। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर लगातार संदेश भेजकर उन्हें बैलेंस रिचार्ज कराने की जानकारी दी जाती रही है। इसके अलावा कई उपभोक्ताओं को फोन करके भी बिल जमा कराने के लिए कहा गया। लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग रिचार्ज नहीं कर रहे हैं। अब ऐसे मामलों में बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की जा रही है।

अलग-अलग जोन में चलेगा अभियान

बिजली विभाग ने लखनऊ के विभिन्न जोन में विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई है। जानकीपुरम, अमौसी और गोमती नगर समेत कई क्षेत्रों में टीम बनाकर ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान की जा रही है जिनका बैलेंस लंबे समय से नेगेटिव चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जो उपभोक्ता बिजली का उपयोग कर रहे हैं, उन्हें उसके अनुसार भुगतान भी करना चाहिए। इसलिए जिनके ऊपर बकाया है, उनसे जल्द से जल्द रिचार्ज या भुगतान करने को कहा गया है।

बैलेंस पॉजिटिव करते ही बिजली फिर शुरू

बिजली विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं के लिए बिजली फिर से शुरू करवाना आसान है। यदि किसी उपभोक्ता का कनेक्शन बकाया या नेगेटिव बैलेंस के कारण बंद हो जाता है, तो रिचार्ज करने के बाद सप्लाई अपने आप चालू हो सकती है।

उपभोक्ताओं को दी गई सलाह

बिजली विभाग ने सभी प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे समय-समय पर अपने मीटर का बैलेंस चेक करते रहें और जरूरत पड़ने पर तुरंत रिचार्ज कराएं। इससे बिजली सप्लाई बाधित होने से बचा जा सकता है।

0 comments:

Post a Comment