बिहार सरकार ने दी बड़ी सौगात, गरीबों और पशुपालकों के लिए खुशखबरी

सहरसा: बिहार सरकार ने ग्रामीण परिवारों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना शुरू की है। योजना के तहत गाय या भैंस खरीदने के लिए पात्र लोगों को ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा मिलेगी। 

सरकार बैंक के ऋण पर लगने वाले पूरे ब्याज का भुगतान अनुदान के तौर पर करेगी, जबकि लाभार्थी को सिर्फ मूलधन वापस करना होगा। इस योजना को खासतौर पर कोसी क्षेत्र में डेयरी कारोबार और दूध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

तीन गाय या दो भैंस खरीदने का मौका

योजना के तहत पात्र लाभार्थी तीन उन्नत नस्ल की गाय या दो भैंस खरीदने के लिए ऋण प्राप्त कर सकेंगे। खास बात यह है कि ऋण की गारंटी और भुगतान व्यवस्था में कांफेड की भूमिका रहेगी। लाभार्थी अपने पशुओं से होने वाली दूध की बिक्री के जरिए धीरे-धीरे ऋण की मूल राशि चुका सकेंगे। इससे पशुपालकों पर कर्ज का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।

50 फीसदी महिलाओं को मिलेगा लाभ

सरकार की योजना में महिलाओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत करीब 50 प्रतिशत लाभार्थियों के महिला होने का लक्ष्य रखा गया है। इससे ग्रामीण महिलाओं को पशुपालन के जरिए नियमित आय का साधन मिल सकता है और वे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

कोसी में डेयरी को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का यह कदम कोसी क्षेत्र में पहले से चल रही डेयरी और पशुपालन योजनाओं को इस योजना से जोड़कर पशुपालकों को फायदा पहुंचाने की कोशिश है। महिलाओं द्वारा संचालित दुग्ध उत्पादक समूहों से भी ज्यादा लोगों के जुड़ने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment