मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। 18 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ हल्की या छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
10 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि 10 अक्टूबर तक बिहार के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम के अधिकतर हिस्सों में शुष्क रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में मधुबनी के बेनीपट्टी में 65.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। मंगलवार को पटना समेत कई जिलों में बादल छाए रहे और 22 जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मानसून की विदाई तेज
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार तक दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार के करीब 80 प्रतिशत हिस्से से विदा हो चुका था। अगले दो-तीन दिनों में इसके पूरी तरह लौटने की संभावना है। मौसम में बदलाव की वजह उत्तर उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से मध्य महाराष्ट्र तक बनी ट्रफ लाइन और गंगा के मैदानी क्षेत्र के आसपास ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण को बताया गया है।
सुबह-रात बढ़ेगी हल्की ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल भारी बारिश की संभावना कम है। 10 अक्टूबर के बाद मौसम अधिकतर शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस हो सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने के कारण गर्मी बनी रहेगी। यानी बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने वाला है।

0 comments:
Post a Comment