यूपी में यहां बनेगी 6-लेन की सड़क, चौड़ीकरण की तैयारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रहने वालों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। शहर के प्रमुख मार्ग कुर्सी रोड बेहटा से लेकर टेढ़ी पुलिया चौराहे तक की सड़क को अब 6-लेन करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस प्रस्ताव को लेकर स्थानीय नागरिकों ने लंबे समय से आवाज उठाई थी, जिसे अब शासन स्तर पर गंभीरता से लिया जा रहा है।

ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति ने सौंपी मांग

ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन विधायक डॉ. नीरज बोरा को सौंपा है। महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा और महासचिव विवेक शर्मा ने बताया कि कुर्सी रोड पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक और आने वाली विकास परियोजनाओं को देखते हुए सड़क का चौड़ीकरण जरूरी हो गया है। विधायक डॉ. बोरा ने भी नागरिकों की इस मांग को उचित मानते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 6-लेन सड़क निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।

कुकरैल वन नाइट सफारी से बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव

पत्र में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कुकरैल वन क्षेत्र में प्रस्तावित नाइट सफारी और अन्य विकास परियोजनाओं के कारण आने वाले समय में इस मार्ग पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाएगा। ऐसे में बेहटा से टेढ़ी पुलिया तक सड़क को 6-लेन बनाना भविष्य की ट्रैफिक आवश्यकताओं को देखते हुए आवश्यक कदम है।

मंडलायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश

महासमिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सांसद राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी को भी ज्ञापन सौंपा गया है। इसके अलावा, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में आयोजित नागरिक सुविधा दिवस के दौरान भी इस मुद्दे को उठाया गया। मंडलायुक्त ने जनहित में इस मांग को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सड़क चौड़ीकरण की संभावनाओं की रिपोर्ट तैयार करने और आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

0 comments:

Post a Comment