यूपी में शुरू होने जा रहा SIR, घर-घर जाएंगे BLO

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) जल्द ही शुरू होने जा रहा है। चुनाव आयोग इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में अग्रसर है। जल्द ही तारीख की घोषणा की जा सकती हैं।

क्या है SIR प्रक्रिया?

SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत चुनाव आयोग मतदाता सूची की व्यापक जांच करता है। इसमें यह सुनिश्चित किया जाता है कि सभी योग्य नागरिकों के नाम सूची में शामिल हों और मृतक या अयोग्य लोगों के नाम हटाए जाएं। इस प्रक्रिया को बिहार जैसे राज्यों में पहले ही लागू किया जा चुका है, और अब उत्तर प्रदेश भी उसी दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

घर-घर जाएंगे BLO

SIR की प्रक्रिया को जमीनी स्तर तक ले जाया जाएगा। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। हर व्यक्ति को गणना फॉर्म  भरकर उस पर हस्ताक्षर करना होगा। फॉर्म में मांगी गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा और उसके आधार पर ही मतदाता सूची में नाम जोड़ा या हटाया जाएगा।

तैयारी पूरी, जल्द शुरू होगी प्रक्रिया

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस दिशा में अधिकारियों को प्रशिक्षण दे दिया है। साथ ही, वर्ष 2003 की मतदाता सूची को वेबसाइट पर अपलोड करने की प्रक्रिया भी चल रही है। माना जा रहा है कि मतदाता सूची का यह ऐतिहासिक डेटा आगामी सुधार कार्यों में अहम भूमिका निभाएगा। हालांकि, SIR की आधिकारिक शुरुआत चुनाव आयोग द्वारा तारीख घोषित किए जाने के बाद ही होगी। इसके संकेत हैं कि प्रक्रिया अगले कुछ महीनों में शुरू की जा सकती है, ताकि 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले सूची पूरी तरह तैयार हो सके।

क्यों जरूरी है यह कदम?

उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है, जहां 403 विधानसभा सीटें हैं। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए आयोग पहले ही मतदाता सूची को अद्यतन करने में जुट गया है। चुनाव आयोग चाहता है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और चुनावों में पारदर्शिता बनी रहे।

0 comments:

Post a Comment