यूपी में मौसम का कहर! 25 जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने शुक्रवार को अचानक करवट ले ली। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में नए विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी लखनऊ और अवध क्षेत्र के अधिकांश जिलों में सुबह से ही घने बादल छा गए और करीब साढ़े आठ बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसका असर पश्चिमी इलाकों समेत कुल 38 जिलों में देखा गया।

मौसम विभाग के अनुसार, गरज-चमक और हल्की बारिश के साथ-साथ कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं। लखनऊ में इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के कारण दिन का तापमान करीब 5.5 डिग्री सेल्सियस गिर गया।

आगे का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार को लखनऊ और आसपास का आसमान साफ रहेगा, लेकिन रविवार से फिर से मौसम बदलने लगेगा। अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में देखने को मिल सकता है।

25 जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राज्यभर में बारिश और तापमान में गिरावट के आसार हैं। विशेष रूप से तराई और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 25 जिलों में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के चलने का अनुमान है।

मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना

महाराजगंज, महोबा, मऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, संत कबीर नगर, भदोही, अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बस्ती, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, फतेहपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, जौनपुर, झांसी, कौशांबी, कुशीनगर, ललितपुर, प्रतापगढ़, शामली, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। खेतों में काम करने वाले किसानों और बाहर निकलने वाले नागरिकों को तेज हवाओं और बिजली गिरने से सुरक्षा के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

0 comments:

Post a Comment