गरजेंगे बादल, चमकेगी बिजली! यूपी के 40 जिलों में बारिश का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

40 जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तर प्रदेश के करीब 40 जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी लखनऊ से लेकर पूर्वी यूपी के गोरखपुर तक कई इलाकों में मौसम का असर दिखाई दे सकता है। इस दौरान लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। 

पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की घटनाएं भी हो सकती हैं। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या, वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, आजमगढ़ और अंबेडकर नगर जैसे जिलों में बारिश की संभावना है। इसके अलावा महाराजगंज, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और गोंडा में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

पश्चिमी और मध्य यूपी के जिलों जैसे शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं, संभल, बाराबंकी, उन्नाव, लखीमपुर खीरी, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

अगले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 और 18 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि 19 मार्च से फिर एक बार बादलों की गतिविधि बढ़ सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई जा रही है।

0 comments:

Post a Comment