BJP बनाम TMC: बंगाल कौन जीत रहा? सर्वे ने दिखाई तस्वीर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरम हो चुका है। चुनाव तारीखों के ऐलान के साथ ही पहला ओपिनियन पोल सामने आया है, जिसने मुकाबले की दिशा का संकेत दे दिया है। सर्वे के अनुसार राज्य में एक बार फिर ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस बढ़त बनाए हुए दिख रही है, हालांकि मुकाबला पहले से ज्यादा कड़ा हो गया है।

सीटों का गणित क्या कहता है

ओपिनियन पोल के आंकड़ों के मुताबिक, टीएमसी को इस बार 155 से 170 सीटें मिल सकती हैं। यह संख्या 2021 के मुकाबले कम जरूर है, लेकिन बहुमत के लिए पर्याप्त मानी जा रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी को 100 से 115 सीटें मिलने का अनुमान है। इससे साफ है कि बीजेपी ने पिछले चुनाव की तुलना में अपनी स्थिति मजबूत की है, लेकिन सत्ता तक पहुंचने के लिए अभी भी लंबा रास्ता तय करना बाकी है।

वोट शेयर में कांटे की टक्कर

सीटों के आंकड़े भले टीएमसी के पक्ष में हों, लेकिन वोट प्रतिशत के मामले में मुकाबला बेहद नजदीकी दिख रहा है।

TMC: 43–45%

BJP: 41–43%

अन्य: 13–15%

यह अंतर बताता है कि थोड़े से स्विंग से भी चुनावी नतीजों में बड़ा बदलाव संभव है।

AIMIM की एंट्री से समीकरण बदले

इस चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM भी असर डालती दिख रही है। सर्वे के अनुसार उसे 5–6 सीटें मिल सकती हैं। यह प्रदर्शन कांग्रेस से बेहतर माना जा रहा है, जिसका खाता इस बार लगभग खाली रहने का अनुमान है।

जनता का झुकाव किस ओर?

सर्वे के मुताबिक, ममता बनर्जी की सरकार पर जनता का भरोसा अभी भी कायम है। यही वजह है कि सीटें घटने के बावजूद उनकी वापसी की संभावना मजबूत दिख रही है। दूसरी ओर बीजेपी लगातार अपना जनाधार बढ़ा रही है और वोट शेयर में अंतर कम करना उसके लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

क्या बदल सकता है नतीजा?

हालांकि यह सिर्फ ओपिनियन पोल है, और असली तस्वीर मतदान के दिन ही साफ होगी। स्थानीय मुद्दे, उम्मीदवारों का चयन और चुनावी रणनीति अंतिम परिणाम पर बड़ा असर डाल सकते हैं। इस बार का बंगाल चुनाव कांटे के टक्कर का होगा।

नोट: यह ओपिनियन पोल मैटराइज-IANS के द्वारा की गई हैं।

0 comments:

Post a Comment