ममता बनर्जी के लिए खतरे की घंटी? BJP दे रही टक्कर, सर्वे ने चौकाया

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। आगामी 2026 विधानसभा चुनाव से पहले आए ताजा ओपिनियन पोल ने सियासी हलचल तेज कर दी है। सर्वे के मुताबिक, ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) अभी भी बढ़त बनाए हुए है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी इस बार पहले से ज्यादा मजबूत चुनौती पेश कर रही है।

बहुमत की ओर TMC, लेकिन मुकाबला कड़ा

294 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है। विभिन्न सर्वे एजेंसियों के अनुसार TMC को 155 से 194 सीटों तक मिलने का अनुमान है। वहीं BJP 98 से 115 सीटों के बीच रह सकती है। हालांकि आंकड़े यह भी संकेत दे रहे हैं कि मुकाबला एकतरफा नहीं, बल्कि काफी टक्कर वाला होने जा रहा है। कई सीटों पर अनुमान लगाना मुश्किल है।

वोट शेयर में बेहद मामूली अंतर

सबसे चौंकाने वाली बात वोट शेयर को लेकर सामने आई है। कुछ सर्वे में TMC को 43-45% वोट शेयर दे रहा है और BJP को 41-43% वोट मिलने का अनुमान है। यानी दोनों पार्टियों के बीच अंतर बहुत कम है, जो चुनाव को रोमांचक बना सकता है।

मुख्यमंत्री के चेहरे में ममता आगे

हालांकि, सीएम पद के लिए अब भी ममता बनर्जी लोगों की पहली पसंद बनी हुई हैं। सर्वे के मुताबिक उन्हें करीब 48% समर्थन मिल रहा है। वहीं शुभेंदु अधिकारी 33% के आसपास समर्थन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

बदल रहा है वोटर समीकरण

सर्वे यह भी दिखाते हैं कि राज्य में वोटिंग पैटर्न में बदलाव आ रहा है। मुस्लिम और महिला मतदाता अब भी TMC के साथ मजबूती से जुड़े हैं। जबकि युवा और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के बीच BJP अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। यह बदलाव आने वाले समय में चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है।

चुनावी मुद्दे बने चुनौती

इस बार चुनाव में बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे प्रमुख बने हुए हैं। यही कारण है कि सत्ता विरोधी लहर की चर्चा भी तेज हो गई है, जो TMC के लिए चिंता का विषय बन सकती है। बीजेपी को इसका फायदा मिलता दिखाई दे रहा हैं।

0 comments:

Post a Comment