12.5 किलोमीटर सड़क का होगा विस्तार
पीडब्ल्यूडी ने डंडहिया चौराहा से बेहटा तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे मार्ग को चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार किया है। वर्तमान में यह सड़क चार लेन की है, लेकिन बढ़ते वाहनों की संख्या के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती रहती है। छह लेन बनने के बाद सरगम अपार्टमेंट से डंडहिया चौराहे तक यातायात सुचारू होने की उम्मीद है। लोगों को आने-जाने में कम समय लगेगा और सफर भी आसान होगा।
60 करोड़ रुपये में पूरा होगा काम
कुर्सी रोड के चौड़ीकरण की योजना पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पीडब्ल्यूडी ने इसका पूरा खाका तैयार कर शासन को मंजूरी के लिए भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
सड़क के साथ सर्विस लेन बनेगी
अधिकारियों के अनुसार चौड़ीकरण के बाद सड़क की चौड़ाई दोनों तरफ बढ़ाई जाएगी। अभी सड़क की चौड़ाई करीब 7-7 मीटर है, जिसे बढ़ाकर दोनों ओर 10.5-10.5 मीटर किया जाएगा। इसके साथ सर्विस लेन की सुविधा भी रहेगी। मौजूदा समय में सर्विस रोड पर ठेले और रेहड़ी वालों के कारण परेशानी होती है। सड़क विस्तार के दौरान अवैध कब्जों को हटाने की भी योजना है।
लोगों को होगा बड़ा फायदा
कुर्सी रोड के आसपास बड़ी संख्या में कॉलोनियां और एलडीए व निजी अपार्टमेंट विकसित हो चुके हैं। इसके अलावा नहरिया रोड से भी बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ट्रैफिक बढ़ने के कारण पीक ऑवर में यहां जाम आम समस्या बन गया है। सड़क चौड़ी होने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
0 comments:
Post a Comment