LPG पर बड़ा फैसला! अब बिना रोक-टोक मिलेंगे गैस सिलेंडर, हटे सभी प्रतिबंध

लखनऊ। कमर्शियल LPG इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। सरकार ने नॉन-डोमेस्टिक पैक्ड LPG यानी व्यावसायिक सिलेंडरों की सप्लाई पर लगाए गए सभी सेक्टर आधारित प्रतिबंधों को हटा दिया है। अब होटल, रेस्टोरेंट, फैक्ट्री और अन्य उद्योग अपनी जरूरत के अनुसार LPG की आपूर्ति ले सकेंगे।

यह फैसला LPG सप्लाई की स्थिति में सुधार आने के बाद लिया गया है। सरकार ने कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई को फिर से सामान्य स्तर पर बहाल कर दिया है।

बल्क LPG सप्लाई में भी मिली राहत

सरकार ने बल्क LPG ग्राहकों को भी राहत दी है। संकट के समय जिन ग्राहकों के लिए बल्क LPG की उपलब्धता सीमित कर दी गई थी, अब उसमें ढील दी गई है। इसे पहले की खपत के स्तर के 50 फीसदी तक बढ़ाया गया है। इस कदम से बड़े उद्योगों और व्यावसायिक इकाइयों को सप्लाई की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

क्यों लगाए गए थे प्रतिबंध?

पश्चिम एशिया में बने तनावपूर्ण हालात के कारण LPG आयात और सप्लाई पर असर पड़ा था। देश में LPG की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सरकार ने अस्थायी कदम उठाए थे। इसके तहत C3-C4 हाइड्रोकार्बन स्ट्रीम का इस्तेमाल मुख्य रूप से LPG उत्पादन बढ़ाने के लिए किया गया था। इससे पेट्रोकेमिकल और कुछ अन्य उद्योगों के लिए उपलब्धता सीमित हो गई थी।

सरकार ने बदला फैसला?

सरकार के अनुसार देश में LPG उत्पादन बेहतर हुआ है और आयातित LPG की उपलब्धता भी बढ़ी है। इसी वजह से C3/C4 स्ट्रीम के इस्तेमाल को लेकर पहले लगाए गए नियंत्रणों में ढील दी गई है। अब इन संसाधनों की उपलब्धता पेट्रोकेमिकल और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भी बढ़ सकेगी, जबकि घरेलू LPG की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी।

आम लोगों पर पड़ेगा असर?

यह फैसला मुख्य रूप से कमर्शियल और इंडस्ट्रियल LPG ग्राहकों के लिए है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई पर इसका कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा। सरकार के इस कदम से कारोबारियों को राहत मिलेगी और उद्योगों में ईंधन की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment