8वें वेतन आयोग की 5 बड़ी बातें, कर्मचारियों के लिए खुशखबरी

नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वां वेतन आयोग आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आ सकता है। नए वेतन ढांचे को लेकर कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। वेतन, भत्ते, पेंशन और प्रमोशन से जुड़े नियमों में सुधार को लेकर कर्मचारी संगठनों की ओर से कई सुझाव दिए गए हैं।

हालांकि अंतिम फैसला सरकार और वेतन आयोग की सिफारिशों के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन मौजूदा चर्चाओं के आधार पर कर्मचारियों के लिए 5 बड़े बदलावों की उम्मीद जताई जा रही है।

1. बेसिक सैलरी में बढ़ोतरी की उम्मीद

8वें वेतन आयोग में सबसे ज्यादा चर्चा न्यूनतम मूल वेतन को लेकर है। कर्मचारी संगठन फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अगर फिटमेंट फैक्टर में बड़ा बदलाव होता है तो मौजूदा न्यूनतम बेसिक पे ₹18,000 से बढ़कर काफी अधिक हो सकता है। 3.00 फिटमेंट फैक्टर पर ₹18,000 × 3 = ₹54,000 न्यूनतम बेसिक सैलरी, जबकि 3.83 फिटमेंट फैक्टर पर ₹18,000 × 3.83 = लगभग ₹68,940 न्यूनतम बेसिक सैलरी। 

2. HRA और दूसरे भत्तों में हो सकता है बदलाव

कर्मचारियों के लिए मकान किराया भत्ता (HRA) एक बड़ा हिस्सा होता है। 8वें वेतन आयोग में शहरों की श्रेणी के हिसाब से HRA में संशोधन की मांग की जा रही है। कर्मचारी संगठनों की मांग है कि बड़े शहरों, मध्यम शहरों और छोटे शहरों के लिए भत्तों का नया ढांचा बनाया जाए। इसके अलावा जोखिम भत्ता, मेडिकल सुविधाएं और अन्य भत्तों को भी बेहतर करने की मांग सामने आई है। 

3. पेंशनभोगियों के लिए भी हो सकते हैं बड़े सुधार

8वें वेतन आयोग में पेंशन व्यवस्था को लेकर भी कई सुझाव दिए जा रहे हैं। पेंशनभोगी संगठनों की मांग है कि पेंशन निर्धारण का तरीका ज्यादा लाभकारी बनाया जाए। इसके अलावा उम्र बढ़ने के साथ पेंशन में अतिरिक्त लाभ देने और कम्यूटेशन अवधि में बदलाव जैसी मांगें भी उठाई गई हैं। कम्यूटेशन बहाली अवधि को 15 साल से घटाकर 10-12 साल करने की मांग हैं। 

4. समान काम के लिए समान वेतन और कैडर

कर्मचारी संगठन लंबे समय से अलग-अलग विभागों में वेतन असमानता को खत्म करने की मांग कर रहे हैं। 8वें वेतन आयोग के जरिए कोशिश की जा सकती है कि समान योग्यता और समान जिम्मेदारी वाले पदों के बीच वेतन और प्रमोशन से जुड़ी विसंगतियों को कम किया जाए। इससे कई विभागों में कर्मचारियों के बीच मौजूद अंतर को दूर करने में मदद मिल सकती है।

5. लागू होने की तारीख और एरियर पर नजर

8वें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारियों की सबसे बड़ी उम्मीद एरियर (बकाया राशि) को लेकर है। माना जा रहा है कि अगर नया वेतनमान लागू होता है तो प्रभावी तारीख और वास्तविक भुगतान की तारीख के बीच का अंतर एरियर के रूप में मिल सकता है। हालांकि एरियर की राशि और भुगतान का तरीका सरकार के अंतिम फैसले और आयोग की सिफारिशों पर निर्भर करेगा।

0 comments:

Post a Comment