40 साल से अधिक उम्र की अविवाहित महिला शिक्षकों को राहत
नई नियमावली में 40 वर्ष से ज्यादा उम्र की अविवाहित महिला शिक्षकों को विशेष सुविधा देने की बात कही गई है। ऐसी शिक्षिकाओं को तबादले के दौरान अपनी पसंद के विद्यालय का विकल्प चुनने में प्राथमिकता मिलेगी। इसके अलावा कानूनी रूप से पति से अलग रह रही महिला शिक्षकों को भी ट्रांसफर प्रक्रिया में विशेष वरीयता दी जाएगी। हालांकि ऐसे शिक्षकों की नियुक्ति उन स्कूलों में नहीं की जाएगी, जहां पहले से स्वीकृत शिक्षकों की संख्या चार से कम है।
गंभीर बीमारी वाले शिक्षकों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ
शिक्षा विभाग की नई नीति में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे शिक्षकों को भी प्राथमिकता दी गई है। कैंसर, हार्ट सर्जरी, अंग प्रत्यारोपण, किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी, डायलिसिस जैसी स्थितियों वाले शिक्षकों को ट्रांसफर में अतिरिक्त वरीयता मिलेगी। यदि शिक्षक स्वयं ऐसी बीमारी से पीड़ित हैं तो उन्हें अधिक प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, पत्नी या 18 साल से कम उम्र के बच्चे गंभीर बीमारी से प्रभावित हैं तो शिक्षक को भी ट्रांसफर में राहत का लाभ मिलेगा।
दिव्यांग शिक्षकों के लिए भी विशेष प्रावधान
नई ट्रांसफर नीति में दिव्यांग शिक्षकों को भी राहत दी गई है। अधिक गंभीर दिव्यांगता वाले शिक्षकों, खासकर जिनकी देखने, सुनने या चलने-फिरने की क्षमता काफी प्रभावित है, उन्हें तबादले में प्राथमिकता दी जाएगी। इस कदम से ऐसे शिक्षकों को अपने लिए सुविधाजनक स्थान पर काम करने का अवसर मिल सकेगा।
मेडिकल बोर्ड करेगा आवेदनों की जांच
ट्रांसफर प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए शिक्षा विभाग मेडिकल बोर्ड का गठन करेगा। बीमारी या दिव्यांगता के आधार पर दिए गए आवेदनों की जांच विशेषज्ञों की टीम करेगी। अगर कोई शिक्षक इस श्रेणी में आवेदन करता है और किसी कारण से उस चरण में ट्रांसफर नहीं हो पाता है, तो उसे अगले चरण में भी प्राथमिकता के आधार पर आवेदन करने का मौका मिलेगा।
गलत जानकारी देने वालों पर कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने फर्जी दावों को लेकर सख्त नियम भी बनाए हैं। अगर कोई शिक्षक गलत बीमारी, दिव्यांगता या किसी अन्य आधार का सहारा लेकर ट्रांसफर लेने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों की जांच जिला शिक्षा अधिकारी स्तर से होगी। आरोप साबित होने पर विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को लाभ
नई नीति में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को भी प्रोत्साहन दिया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित शिक्षकों को ट्रांसफर में अतिरिक्त वरीयता मिलेगी, जबकि राज्य शिक्षक पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

0 comments:
Post a Comment