बिहार के विश्वविद्यालयों में नई योजना लागू, छात्रों के लिए खुशखबरी

पटना। बिहार की उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य में विश्वविद्यालयों और नए सरकारी डिग्री कॉलेजों को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। इन योजनाओं से छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। राज्यपाल की अध्यक्षता में हुई उच्च शिक्षा से जुड़ी बैठक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, शोध को बढ़ावा देने और कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

शोध करने वाले छात्रों को मिलेगी आर्थिक मदद

बैठक में शोध एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए तीन नई योजनाओं को लागू करने पर सहमति बनी है। इनमें कुलाधिपति पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप, मुख्यमंत्री शोध अनुदान योजना और मुख्यमंत्री शोध छात्रवृत्ति योजना शामिल हैं। इन योजनाओं के जरिए शोध करने वाले विद्यार्थियों और युवा शिक्षकों को आर्थिक सहायता मिलेगी।

211 नए कॉलेजों में शिक्षकों की होगी नियुक्ति

राज्य के नवसृजित 211 सरकारी डिग्री कॉलेजों के लिए सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का भी फैसला लिया गया है। इसके लिए केंद्रीकृत नियुक्ति व्यवस्था अपनाई जाएगी, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जा सकेगा। नए कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर होने से छात्रों की पढ़ाई बेहतर तरीके से हो पाएगी।

नए सत्र में मिलेगा अपडेटेड पाठ्यक्रम

बैठक में स्नातकोत्तर स्तर के 43 विषयों के नए पाठ्यक्रमों को जल्द मंजूरी देने पर भी चर्चा हुई है। जुलाई के पहले सप्ताह तक पाठ्यक्रमों को स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इससे नए शैक्षणिक सत्र में छात्रों को आधुनिक और जरूरत के अनुसार तैयार किए गए पाठ्यक्रम से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

उच्च शिक्षा सुधार की दिशा में बड़ा कदम

बैठक में लिए गए फैसलों को बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई योजनाओं से जहां शोध गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं नए कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति से छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment