1364 किलोमीटर से ज्यादा लंबी होंगी नई सड़कें
पीडब्ल्यूडी की ओर से चालू वित्तीय वर्ष के लिए 883 नई सड़कों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 1364.96 किलोमीटर होगी। इनके निर्माण पर लगभग 1066 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। नई सड़कें बनने से ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक आवागमन बेहतर होगा।
पुरानी सड़कों को भी मिलेगा नया रूप
नई सड़कों के साथ-साथ वर्षों पुरानी 30 सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की भी योजना बनाई गई है। इन सड़कों की लंबाई करीब 387 किलोमीटर से ज्यादा है। इस काम के लिए लगभग 1329 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। सड़कों के मजबूत होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम व खराब रास्तों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नदियों और नालों पर बनेंगी 128 पुलिया
सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए छोटे-बड़े नालों, नदियों और नहरों पर 128 नई पुलिया बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इसके अलावा कई पुरानी और जर्जर पुलियों की मरम्मत या पुनर्निर्माण किया जाएगा। इन पुलियों के निर्माण पर करीब 4500 करोड़ रुपये तक खर्च होने का अनुमान है। इससे बारिश के समय प्रभावित होने वाले रास्तों पर भी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा प्रस्ताव
पीडब्ल्यूडी की तैयार कार्ययोजना को जल्द ही मुख्यमंत्री के सामने पेश किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। विभाग का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य शहरों के साथ-साथ गांवों तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना है, जिससे लोगों का सफर आसान हो और विकास कार्यों को रफ्तार मिल सके।

0 comments:
Post a Comment