केंद्र सरकार का बड़ा ऐलान, अब हर घर पाइप से पहुंचेगी सस्ती गैस

नई दिल्ली: हर महीने LPG सिलेंडर बुक कराने और उसकी डिलीवरी का इंतजार करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार अब घर-घर पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG पहुंचाने पर तेजी से काम कर रही है। इसके लिए सरकार ने नई प्रोत्साहन योजना लागू करने का फैसला किया है, जिससे शहरी इलाकों में PNG कनेक्शन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

1 सितंबर से शुरू होगी नई योजना

सरकार की नई एपीएम/एनएपीएम प्रोत्साहन योजना 1 सितंबर 2026 से लागू होने की घोषणा की गई है। इसके तहत शहरी गैस वितरण कंपनियों को तय लक्ष्य से ज्यादा नए घरेलू PNG कनेक्शन देने पर प्रोत्साहन मिलेगा। यानी जितने अधिक घरों को पाइपलाइन से गैस से जोड़ा जाएगा, कंपनियों को उतना फायदा मिलेगा।

कंपनियों को मिलेगी सस्ती गैस

योजना के तहत लक्ष्य से अतिरिक्त नए PNG कनेक्शन शुरू करने वाली कंपनियों को प्रत्येक कनेक्शन के लिए 200 SCM तक अतिरिक्त सस्ती APM गैस उपलब्ध कराने का प्रावधान है। सरकार का मानना है कि इससे गैस वितरण कंपनियों की लागत कम होगी और वे नए क्षेत्रों में पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार करने के लिए ज्यादा तेजी से निवेश कर सकेंगी।

निवेश की लागत जल्दी निकलने की उम्मीद

सरकार के अनुमान के मुताबिक, प्रोत्साहन मिलने से कंपनियों के लिए गैस नेटवर्क तैयार करने में किया गया निवेश पहले की तुलना में काफी जल्दी वापस आ सकता है। इससे नए इलाकों में PNG पाइपलाइन बिछाने और ज्यादा परिवारों को कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

घर बैठे PNG कनेक्शन के लिए आवेदन की सुविधा

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सरकार एकीकृत PNG पंजीकरण पोर्टल शुरू करने की तैयारी में है। यह सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म होगा, जहां लोग ऑनलाइन PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे। साथ ही आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी। इससे कनेक्शन लेने की प्रक्रिया आसान और ज्यादा सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment