25 लाख जीविका दीदियों को मिलेगा लोन
सरकार की योजना के तहत राज्य की करीब 25 लाख जीविका दीदियों को जीविका बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की तैयारी है। रोजगार और कारोबार की जरूरत के हिसाब से महिलाओं को अलग-अलग श्रेणियों में लोन दिया जाएगा। बताया गया है कि इसके लिए करीब 20 हजार करोड़ रुपये तक के ऋण की व्यवस्था की जा रही है।
तीन तरह के लोन का प्रावधान
जीविका दीदियों की जरूरत के अनुसार ऋण को तीन श्रेणियों में रखा गया है।
शॉर्ट टर्म लोन: 15 हजार रुपये तक, जिसे 12 महीने में चुकाना होगा।
माइक्रो लोन: 15 हजार से 75 हजार रुपये तक, जिसकी भुगतान अवधि 24 महीने होगी।
स्मॉल लोन: 75 हजार से 2 लाख रुपये तक, जिसे 36 महीने में चुकाने का प्रावधान है।
खास बात यह है कि लोन के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखने की तैयारी है। मोबाइल ऐप से आवेदन करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर करीब एक सप्ताह में राशि खाते में भेजे जाने की बात कही गई है।
8 हजार महिलाओं को सुधा बूथ के लिए 60 हजार
रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए राज्य की 8 हजार जीविका दीदियों को सुधा डेयरी बूथ खोलने के लिए 60-60 हजार रुपये की सहायता देने की योजना भी है। इससे महिलाओं को स्थानीय स्तर पर अपना व्यवसाय शुरू करने और नियमित आमदनी का साधन बनाने में मदद मिल सकती है।
बिहार में जीविका दीदियों को लखपति दीदी बनाने पर जोर
सरकार अगले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की आय बढ़ाकर उन्हें लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके लिए स्वरोजगार, छोटे कारोबार और विभिन्न आय के साधन विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए पूंजी मिलने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment