यूपी में शिक्षक-कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी, सरकार ने दी सौगात!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद से जुड़े शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने 31 मार्च 2014 के बाद नियुक्त शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन से सामूहिक बीमा योजना के तहत काटी गई प्रीमियम राशि वापस करने को मंजूरी दे दी है। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 134.60 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

दो लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा फायदा

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के दो लाख से अधिक शिक्षक और कर्मचारी लाभान्वित होने की उम्मीद है। बताया गया है कि 1 सितंबर 2022 तक वेतन से काटी गई पात्र राशि को एरियर के रूप में एकमुश्त लौटाया जाएगा।

किसे कितने रुपये मिल सकते हैं?

सामूहिक बीमा प्रीमियम के तौर पर हर महीने करीब 87 रुपये की कटौती की गई थी। पात्रता और निर्धारित अवधि के हिसाब से कई कर्मचारियों के वेतन से कुल मिलाकर करीब 4 हजार से 10 हजार रुपये तक की राशि कटी थी। औसतन एक शिक्षक या कर्मचारी को लगभग 6 से 9 हजार रुपये वापस मिलने की उम्मीद है। हालांकि वास्तविक भुगतान संबंधित कर्मचारी की सेवा अवधि और रिकॉर्ड में दर्ज कटौती के आधार पर तय होगा।

रिकॉर्ड जांच के बाद होगा भुगतान

राशि जारी करने से पहले संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी और आहरण-वितरण अधिकारी रिकॉर्ड से कटौती की रकम का मिलान करेंगे। निर्धारित दर और पात्र अवधि में जितनी राशि काटी गई होगी, उतनी ही रकम वापस की जाएगी। गलत भुगतान की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी भुगतान प्रक्रिया की नियमित समीक्षा करेंगे। पात्र शिक्षकों और कर्मचारियों को संबंधित आहरण-वितरण अधिकारियों के माध्यम से एरियर के रूप में एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से लंबे समय से कटी बीमा प्रीमियम राशि वापस मिलने का इंतजार कर रहे शिक्षक-कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment