यूपी सरकार का बड़ा फैसला, महिलाएं समेत इन लोगों को खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं और अन्य कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा बढ़ाने की तैयारी में है। सरकार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, ग्रामीण रोजगार मिशन के श्रमिकों, रोजगार सेवकों और अन्य ग्रामीण स्तर के कर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की दिशा में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दे चुकी है।

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को फायदा

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को इस सुविधा के विस्तार के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं को इलाज के दौरान आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि सुविधा का अंतिम स्वरूप और पात्रता प्रस्ताव व सरकारी निर्णय के बाद स्पष्ट होगी।

खाली पदों पर भर्ती की भी तैयारी

बैठक में ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विभागों और संस्थाओं में खाली पदों की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों को रिक्त पदों का अधियाचन जल्द संबंधित भर्ती आयोग को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। रोजगार सेवकों के ईपीएफ से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

आवास और गांवों की योजनाओं में तेजी

सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। इसके साथ ही ग्राम चौपाल को नियमित रूप से आयोजित करने और इसकी प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक शुक्रवार को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

0 comments:

Post a Comment