बिहार में शुरू होगा 1 और हवाई अड्डा, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी!

न्यूज डेस्क। बिहार के कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए हवाई सेवा को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सहरसा हवाई अड्डे के विकास और विस्तार की दिशा में काम तेज हो गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने इसके लिए 42.52 करोड़ रुपये की पहली निविदा जारी कर दी है। इसके तहत नया यात्री टर्मिनल और हवाई यातायात नियंत्रण भवन बनाया जाएगा।

सहरसा हवाई अड्डे को केंद्र की उड़ान योजना से जोड़कर यहां छोटे विमानों का परिचालन शुरू करने की तैयारी है। योजना के तहत 15 से 20 सीटों वाले विमानों के संचालन की संभावना है। इसके लिए मौजूदा 854 मीटर रनवे को बढ़ाकर करीब 1121 मीटर किया जाएगा।

रनवे विस्तार के लिए करीब 12 एकड़ जमीन की जरूरत है। राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण और रनवे विस्तार के लिए करीब 147.76 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही दे दी है।

हवाई सेवा शुरू होने से सहरसा के साथ पूरे कोसी और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे लोगों को यात्रा में सुविधा मिलने के साथ व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से हवाई सेवा की मांग कर रहे क्षेत्र के लोगों के लिए यह परियोजना बड़ी सौगात साबित हो सकती है।

0 comments:

Post a Comment