बिहार में बनेंगे दो नए बाईपास, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

आरा। बिहार के आरा शहर और आसपास के इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए भोजपुर जिले में सड़क नेटवर्क को बेहतर करने की तैयारी है। बिहिया और बड़हरा इलाके में दो नए बाईपास बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। करीब 850 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं का मकसद बड़े वाहनों को बाजार और भीड़भाड़ वाले रास्तों से बाहर निकालना है।

बिहिया में करीब 6.6 किमी का बाईपास प्रस्तावित है। यह रास्ता बियाडा और टीपुरा की तरफ से होते हुए कटेया-अमराई नवादा के रास्ते आरा-बक्सर हाईवे से जोड़ा जाएगा। इससे जगदीशपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बिहिया बाजार और आरओबी वाले हिस्से से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। फिलहाल इसी इलाके में वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण जाम की स्थिति बनती रहती है।

दूसरी परियोजना बड़हरा-बबूरा बाईपास की है। करीब 5.85 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को पड़रिया की तरफ से विकसित करने की योजना है। इसके बनने पर बड़हरा और आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को मुख्य सड़क का एक वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा। जाम की स्थिति में यह मार्ग खास तौर पर राहत देने वाला साबित हो सकता है।

इन दोनों बाईपास में सड़क को मौजूदा चौड़ाई से बढ़ाकर करीब 7 से 10 मीटर करने की योजना है। अनुमान है कि बिहिया बाईपास से लगभग 5,780 और बड़हरा-बबूरा मार्ग से करीब 4 हजार वाहन रोजाना लाभान्वित हो सकते हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे जिलों से गुजरने वाले वाहनों को भी सुविधा मिलेगी।

मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगा काम

पथ निर्माण विभाग ने दोनों परियोजनाओं का प्रस्ताव राज्य मुख्यालय भेज दिया है। अब सरकार की मंजूरी का इंतजार है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। दोनों बाईपास तैयार होने पर बिहिया और बड़हरा के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होने और आवागमन तेज होने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment