बिहार में बनेगा फोरलेन एलिवेटेड रोड, 2 जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी!

पटना। बिहार में सड़क और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुंगेर से भागलपुर होते हुए सबौर तक करीब 83 किलोमीटर लंबा फोरलेन गंगा पथ बनाने का रास्ता साफ हो गया है। जल संसाधन विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पथ निर्माण विभाग को NOC जारी कर दी है। मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना से जुड़ी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

दो चरणों में तैयार होगा गंगा पथ

प्रस्तावित सड़क को पटना के जेपी गंगा पथ की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसका रूट मुंगेर के साफियाबाद से बरियारपुर, घोरघट और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर और सबौर तक जाएगा। परियोजना को दो हिस्सों में बांटकर निर्माण किया जाएगा।

पहले चरण में मुंगेर से सुल्तानगंज तक 41.931 किलोमीटर सड़क बनेगी। इसमें करीब 30 किलोमीटर हिस्सा सामान्य सड़क का होगा, जबकि 11.88 किलोमीटर सड़क एलिवेटेड होगी। दूसरे चरण में सुल्तानगंज से भागलपुर होते हुए सबौर तक 41.258 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसमें करीब 10.56 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड रोड का होगा।

पुल, फ्लाईओवर और घाटों का भी विकास

यह प्रोजेक्ट सिर्फ फोरलेन सड़क तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें छोटे-बड़े पुल, फ्लाईओवर, बॉक्स कल्वर्ट, व्हीकल अंडरपास और गंगा किनारे रिटेनिंग व टो वॉल जैसी संरचनाएं भी बनाई जाएंगी। इसके साथ ही नदी किनारे मौजूद घाटों को विकसित करने की योजना है।

गंगा की धारा को लेकर रखी गई हैं बड़ी शर्त

जल संसाधन विभाग ने NOC के साथ कुछ जरूरी शर्तें भी रखी हैं। निर्माण कार्य से गंगा की प्राकृतिक धारा पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ना चाहिए। सड़क बनने के बाद जलजमाव जैसी समस्या सामने आती है तो उसे दूर करने की जिम्मेदारी संबंधित निर्माण एजेंसी की होगी। इस परियोजना के पूरा होने से मुंगेर और भागलपुर के बीच आवागमन बेहतर होने के साथ आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment