यूपी सरकार का बड़ा कदम, ग्राम पंचायतों के लिए 1 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायतों के बीच बेहतर काम करने की होड़ बढ़ाने के लिए पंचायतीराज विभाग ने नई पहल शुरू की है। अब गांवों में विकास और जनसुविधाओं के क्षेत्र में शानदार काम करने वाली पंचायतों को मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत प्रदेश की चुनी गई 10 ग्राम पंचायतों को 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे।

10 अलग-अलग क्षेत्रों में होगा चयन

पुरस्कार के लिए पंचायतों के काम का मूल्यांकन अलग-अलग क्षेत्रों में किया जाएगा। इनमें कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त गांव, पंचायत की अपनी आय बढ़ाना, डिजिटल और सार्वजनिक सेवाएं, पर्यावरण संरक्षण, तालाबों का विकास, महिला नेतृत्व और जैविक खेती जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

15 सितंबर से आवेदन का मौका

विभाग के अनुसार पात्र ग्राम पंचायतें 15 से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। इसके बाद तय मानकों के आधार पर पंचायतों का मूल्यांकन किया जाएगा। खास बात यह है कि पुरस्कार में मिलने वाली राशि पंचायतों को अपने क्षेत्र में बेहतर काम करने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन देगी।

गांवों में बढ़ेगी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा

सरकार की इस पहल का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि पंचायतों को स्वच्छ, आत्मनिर्भर और बेहतर सुविधाओं वाला बनाना भी है। उम्मीद है कि पुरस्कार की प्रतिस्पर्धा से ग्राम पंचायतें नए प्रयोग करेंगी और गांवों में विकास के साथ सुशासन को भी बढ़ावा मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment